Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

Screenshot

कोटद्वार में हाईवे पर हाथियों का आतंक! वाहनों के पीछे दौड़े गजराज, 3 वाहन क्षतिग्रस्त

 

कोटद्वार में हाईवे पर हाथियों का आतंक! वाहनों के पीछे दौड़े गजराज, 3 वाहन क्षतिग्रस्त

 

कोटद्वार में सोमवार सुबह सिद्धबली मंदिर और लालपुल के बीच पौड़ी हाईवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक हाथियों का झुंड सड़क पर आ पहुंचा। गजराजों को देखकर वाहन चालक और राहगीर घबरा गए। इस दौरान एक हाथी वाहनों के पीछे दौड़ पड़ा और तीन वाहनों को नुकसान पहुंचाया।

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 7:45 बजे की है। हाथियों के हाईवे पर आने से दोनों तरफ यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं, कोटद्वार से पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूल-कॉलेजों में जाने वाले कई शिक्षक भी देरी से रवाना हुए।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी। वनकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद हाथियों को सड़क से हटाकर जंगल की ओर खदेड़ा।

हालांकि, बताया जा रहा है कि हाथी अभी भी घटनास्थल के आसपास मौजूद हैं और दोबारा हाईवे पर आने का प्रयास कर रहे हैं। इसके चलते वन विभाग की टीम मौके पर डटी हुई है और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है।

फिलहाल हाथियों के सड़क से हटने के बाद यातायात बहाल हुआ, लेकिन हाईवे पर गजराजों की मौजूदगी ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है।