बदरीनाथ चढ़ावा चोरी केस में नया मोड़, आरोपी की मां ने BKTC से मांगी 11 बिंदुओं पर RTI
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है। मामले के आरोपी प्रमोद नौटियाल की मां हेमलता नौटियाल ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति यानी बीकेटीसी से 11 बिंदुओं पर सूचना मांगी है। उन्होंने सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत आरटीआई दाखिल की है, जिसके बाद बीकेटीसी में हलचल बढ़ गई है।
आरटीआई में वैयक्तिक सहायक यानी पीए की गणना और प्रोटोकॉल ड्यूटी को लेकर कई सवाल उठाए गए हैं। पूछा गया है कि पीए की ड्यूटी किस अधिकारी के आदेश पर लगाई गई और क्या यह कार्य उसके निर्धारित पदीय दायित्वों में शामिल है। इसके अलावा संबंधित आदेश और ड्यूटी से जुड़े अभिलेखों की जानकारी भी मांगी गई है।
बीकेटीसी में संविदा पर कार्यरत विधि अधिकारी की नियुक्ति को लेकर भी सवाल किए गए हैं। आरटीआई में पूछा गया है कि उनकी नियुक्ति किस नियम के तहत की गई और इसके लिए शासन से अनुमति ली गई थी या नहीं। विधि अधिकारी की भूमिका से जुड़े दस्तावेज भी मांगे गए हैं।
इसके साथ ही गणना, प्रोटोकॉल और अन्य जिम्मेदारियों में अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट करने वाले अभिलेख उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, लेखा और प्रोटोकॉल से जुड़े कार्य वैयक्तिक सहायक के निर्धारित दायित्वों में वैधानिक रूप से शामिल नहीं हैं। वहीं, बीकेटीसी के सूचना अधिकारी राजन नैथानी ने आरटीआई मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि मांगी गई सूचनाएं नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएंगी।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने