Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

लगातार बारिश का कहर: रुद्रप्रयाग में भूस्खलन से केदारनाथ हाईवे बंद, अलकनंदा-मंदाकिनी खतरे के निशान से ऊपर

लगातार बारिश का कहर: रुद्रप्रयाग में भूस्खलन से केदारनाथ हाईवे बंद, अलकनंदा-मंदाकिनी खतरे के निशान से ऊपर

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार सुबह केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बड़ा असर देखने को मिला। सोनप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो स्थानों पर भूस्खलन और भारी बोल्डर गिरने से सड़क बंद हो गई, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हुई।

मुनकटिया के पास पहाड़ी से मलबा और विशाल बोल्डर गिरने के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया है। वहीं सोनप्रयाग से आगे घाटी की ओर सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने और सड़क का हिस्सा नीचे से कट जाने के चलते प्रशासन ने अत्यधिक सावधानी के साथ सीमित यातायात शुरू कराया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडे ने बताया कि प्रभावित स्थानों पर जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य तेजी से जारी है। प्रशासन का प्रयास है कि मार्ग को जल्द से जल्द बहाल किया जाए।

इस बीच जिले में लगातार बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार शुक्रवार सुबह अलकनंदा का जलस्तर 627.50 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 627.00 मीटर है। वहीं मंदाकिनी का जलस्तर 626.50 मीटर पहुंच गया है, जो निर्धारित खतरे के निशान 626.00 मीटर से ऊपर है।

प्रशासन ने स्थानीय लोगों और केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।