उत्तराखंड में बारिश का कहर: यमुनोत्री हाईवे समेत कई सड़कें बंद, आज भी रेड अलर्ट और फ्लैश फ्लड की चेतावनी
उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। यमुनोत्री घाटी में मध्य रात्रि से जारी बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे स्याना चट्टी सहित कई स्थानों पर मलबा और भारी पत्थर गिरने से बंद हो गया है। लगातार बारिश के कारण सड़क खोलने का कार्य भी बाधित हो रहा है।
वहीं कर्णप्रयाग-सिमली मार्ग पर भी बोल्डर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। नारायणबगड़ के थरालीबगड़ बाजार में एक बार फिर मलबा घुसने से हाईवे अवरुद्ध हो गया, हालांकि बीआरओ ने सोमवार सुबह मलबा हटाकर मार्ग को दोबारा खोल दिया।
बारिश के साथ आए मलबे से कई दुकानों को नुकसान पहुंचा है। सरकारी राशन गोदाम में भी आंशिक रूप से मलबा घुस गया, जबकि अस्पताल के सामने और जीत सिंह मार्केट क्षेत्र में हाईवे पर मलबा व जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, कर्णप्रयाग में रविवार रात से बिजली आपूर्ति भी ठप है।
इधर मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार लगातार बारिश से जमीन पहले ही पूरी तरह संतृप्त हो चुकी है। ऐसे में आगामी बारिश के दौरान पानी का बहाव तेज होने, निचले इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और अचानक बाढ़ जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

More Stories
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: कई जिलों में ऑरेंज-येलो चेतावनी, 98 सड़कें बंद
NEET पेपर लीक पर युवाओं का फूटा गुस्सा, शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
मंदिर में डबल मर्डर से सनसनी: जंगल में गड्ढे में दफन मिले दो साधुओं के शव, तीन संदिग्ध साधु फरार