उत्तराखंड में गर्मी का डबल अटैक! चटक धूप और उमस ने बढ़ाई परेशानी, 19 जुलाई तक राहत के आसार कम
उत्तराखंड में बारिश पर ब्रेक लगते ही गर्मी ने फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। चटक धूप और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहने के संकेत दिए हैं।
बीते दो दिनों से उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। रविवार के बाद सोमवार को भी प्रदेशभर में तेज धूप खिली, जिससे मैदानों से लेकर पहाड़ों तक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया।
राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक, यानी 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा, 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
सिर्फ दून ही नहीं, प्रदेश के अधिकांश मैदानी और पर्वतीय इलाकों में भी तापमान बढ़ा है। तेज धूप और नमी के कारण दिनभर उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 14 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, पर्वतीय जिलों के कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ तेज बारिश के एक-दो दौर पड़ सकते हैं।
देहरादून में आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि 19 जुलाई तक प्रदेश में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रह सकता है।
फिलहाल उत्तराखंड में लोगों को बारिश से ज्यादा गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में मौसम विभाग की सलाह है कि दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें और पर्याप्त पानी पीते रहें।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने