Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

देहरादून लाल पुल बस हादसा: अब होगी मजिस्ट्रियल जांच, ने मांगी एक हफ्ते में रिपोर्ट

देहरादून लाल पुल बस हादसा: अब होगी मजिस्ट्रियल जांच, ने मांगी एक हफ्ते में रिपोर्ट

 

देहरादून के चर्चित लाल पुल बस हादसे में अब बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी ने दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश देते हुए जांच अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। यह हादसा 23 जून को हुआ था, जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए थे।

 

23 जून को नगर बस सेवा की बस संख्या UK07PA-0287 लाल पुल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में राजीवनगर, पटेलनगर निवासी 22 वर्षीय आहद की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने अब मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। जांच अधिकारी दुर्घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष और विस्तृत जांच करेंगे।

जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसा किन कारणों से हुआ, बस में चालक सहित कुल कितने यात्री सवार थे, मृतक और घायलों का वास्तविक विवरण क्या है, घायलों की चिकित्सकीय स्थिति कैसी है, और मृतक के उत्तराधिकारियों का पूरा ब्यौरा क्या है।

इसके अलावा परिवहन विभाग की तकनीकी रिपोर्ट, वाहन के टैक्स और मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के पालन की भी जांच की जाएगी। साथ ही भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी रिपोर्ट में शामिल किए जाएंगे।

प्रशासन ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी तथ्यों की गहन पड़ताल कर एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रस्तुत करें।