भैरवघाटी के पास बाइक हादसा, 300 मीटर गहरी खाई में गिरा बीआरओ कर्मी लापता
उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री हाईवे पर भैरवघाटी के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तीन लोगों को लेकर जा रही एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो लोग सुरक्षित बच गए, जबकि एक युवक करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद लापता है। खराब मौसम के कारण रात में चलाया गया रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा, जिसे आज सुबह फिर से शुरू किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, गंगोत्री हाईवे पर भैरवघाटी से करीब तीन किलोमीटर आगे देर रात एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ गंगोत्री और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची।
बाइक पर तीन लोग सवार थे, जिनमें से दो सुरक्षित हैं। जबकि 26 वर्षीय सुरेश लामा, जो मूल रूप से नेपाल के रहने वाले थे और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में रह रहे थे, हादसे के दौरान करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गए और लापता हो गए।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) में कार्यरत हैं और भैरवघाटी क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात थे।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने देर रात करीब ढाई बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन लगातार बारिश, अंधेरा और दुर्गम इलाके के कारण लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। हालात को देखते हुए रात में अभियान स्थगित कर दिया गया।
आज सुबह मौसम अनुकूल होते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने एक बार फिर मौके पर पहुंचकर लापता बीआरओ कर्मी की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने