Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

उत्तराखंड: सड़क चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ से गिरा बोल्डर, बोलेरो के परखच्चे उड़े; एक की मौत, दो घायल

 

उत्तराखंड: सड़क चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ से गिरा बोल्डर, बोलेरो के परखच्चे उड़े; एक की मौत, दो घायल

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। सतपुली-मल्ली मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ से अचानक एक विशाल बोल्डर टूटकर चलती बोलेरो पर गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ। गाजियाबाद नंबर की बोलेरो गुमखाल से सतपुली की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा था और अचानक पहाड़ी से एक भारी बोल्डर सीधे वाहन पर आ गिरा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही सतपुली पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। वाहन में फंसे एक घायल को निकालने के लिए कटर मशीन की मदद से बोलेरो को काटना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

थानाध्यक्ष अनिल चौहान ने बताया कि हादसे में केरल निवासी श्रीकांत (45) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सरनजीत (61) निवासी दिल्ली और उदय निवासी पश्चिम बंगाल गंभीर रूप से घायल हैं। तीनों गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और किसी कार्य से उत्तराखंड आए थे।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। मृतक और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन ने बरसात के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है, क्योंकि लगातार बारिश और सड़क निर्माण कार्य के चलते भूस्खलन और बोल्डर गिरने का खतरा बढ़ जाता है।