Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

गंगा में नहाते समय दिल्ली के दो युवक तेज बहाव में बहे, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

 

गंगा में नहाते समय दिल्ली के दो युवक तेज बहाव में बहे, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

 

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के पौड़ी जिले में स्थित सिंगटाली झूला पुल के समीप गंगा नदी में स्नान के दौरान दिल्ली के दो युवक तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। घटना के बाद एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर गंगा नदी में व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया है।

एसडीआरएफ प्रभारी कविंद्र सजवाण ने बताया कि जिला कंट्रोल रूम पौड़ी से सूचना मिली थी कि सिंगटाली झूला पुल के पास गंगा नदी में स्नान करते समय दो युवक बह गए हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला और ब्यासी की टीमें आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर रवाना हुईं और तलाश अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आए छह युवकों का एक समूह सिंगटाली पुल के पास गंगा नदी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान दो युवक नदी के बीच गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना की सूचना उनके साथ मौजूद साथियों ने तत्काल जिला कंट्रोल रूम को दी।

लापता युवकों की पहचान प्रेम (26) पुत्र हरीश चंद्र, निवासी जड़ौदा, बुराड़ी, नई दिल्ली तथा राजन (24) निवासी संगम विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। राजन के पिता का नाम फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।

एसडीआरएफ के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी अत्यधिक मटमैला होने से सर्च अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद रेस्क्यू टीम लगातार युवकों की तलाश में जुटी हुई है।

घटना की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को भी दे दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदियों और जलाशयों के पास अत्यधिक सावधानी बरतें तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में स्नान करने से बचें।

चर्चित खबरें