दोस्त को मनाने के लिए लगाया ‘गुमशुदगी’ का पोस्टर, मजाक पड़ा भारी; मामला पहुंचा थाने
रुड़की: दोस्तों के बीच हुई नाराजगी को दूर करने के लिए किया गया एक मजाक उस समय भारी पड़ गया जब मामला सीधे पुलिस थाने तक पहुंच गया। अपने दोस्त के कई दिनों तक बात न करने से नाराज युवकों ने उसे मनाने के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसने परिवार और पुलिस दोनों को परेशान कर दिया।
जानकारी के अनुसार रेलवे सड़क निवासी एक युवक की अपने तीन दोस्तों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद उसने अपने दोस्तों से बातचीत बंद कर दी। दोस्त उसे मनाने के लिए अलग-अलग तरीके सोच रहे थे, लेकिन उन्होंने जो कदम उठाया, वह उनके लिए मुसीबत बन गया।
युवकों ने अपने दोस्त की तस्वीर के साथ ‘गुमशुदा’ लिखवाकर पोस्टर तैयार कराए और उन्हें शहर के विभिन्न स्थानों, जिनमें अंतरराज्यीय बस अड्डा परिसर और आशुतोष नगर क्षेत्र शामिल हैं, की दीवारों पर चस्पा कर दिया। इतना ही नहीं, पोस्टर में युवक को ढूंढकर लाने वाले के लिए सिगरेट की एक डिब्बी इनाम के रूप में घोषित कर दी गई।
इसके बाद युवकों ने इन पोस्टरों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा कर दिया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
मामले ने तब नया मोड़ लिया जब वायरल वीडियो और पोस्टर पर युवक तथा उसके परिजनों की नजर पड़ी। परिवार ने इसे गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पहुंचकर संबंधित युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और एक युवक को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ के दौरान युवकों ने बताया कि उनका मित्र कई दिनों से उनसे बात नहीं कर रहा था और उसे मनाने के उद्देश्य से उन्होंने मजाक में यह पोस्टर लगवाए थे। उनका किसी प्रकार की गलत मंशा नहीं थी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि मामले में सभी संबंधित युवकों को बुलाकर पूछताछ की गई। उन्हें भविष्य में इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकत न करने की कड़ी चेतावनी दी गई है। साथ ही उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के दौर में किसी व्यक्ति की तस्वीर और पहचान का इस तरह इस्तेमाल करना गंभीर परिणाम पैदा कर सकता है। इसलिए मजाक के नाम पर किसी की छवि को नुकसान पहुंचाने या गलत संदेश देने वाली गतिविधियों से बचना चाहिए।

More Stories
बेटे की चाह में हैवानियत! गर्भवती पत्नी को करंट लगाया, पीटा… गर्भस्थ शिशु की मौत, पति गिरफ्तार
केदारनाथ हेली सेवा की दूसरे चरण की टिकट बुकिंग आज से, 16 से 25 जून तक की यात्रा के लिए खुला पोर्टल
चारधाम और हेमकुंड साहिब पर बढ़ता दबाव: WII की रिपोर्ट में भीड़, कचरा और पर्यावरणीय खतरे को लेकर गंभीर चेतावनी