रुद्रप्रयाग में चारधाम यात्रियों की कार नदी में गिरी, SDRF ने पांचों को सुरक्षित निकाला
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में रविवार सुबह चारधाम यात्रा पर जा रहे यात्रियों की कार हादसे का शिकार हो गई। तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप एक महिंद्रा एक्सयूवी 700 अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे नदी किनारे पानी में जा गिरी। वाहन में सवार पांचों यात्रियों को एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जिला कंट्रोल रूम से मिली सूचना के अनुसार, हादसे की जानकारी मिलते ही चौकी तिलवाड़ा और कोतवाली अगस्त्यमुनि से पुलिस बल राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचा। इसके अलावा एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और 108 एम्बुलेंस सेवा को भी घटनास्थल पर भेजा गया।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन महिंद्रा एक्सयूवी 700 (UP16-DK-0856) था, जिसमें कुल पांच लोग सवार थे। सभी यात्री पश्चिम बंगाल से केदारनाथ धाम की यात्रा पर निकले थे। वाहन नदी किनारे पानी में फंस गया था, जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन दो महिला यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों महिलाओं के हाथ-पैर में फ्रैक्चर सहित अन्य चोटें बताई जा रही हैं। वहीं चालक समेत तीन अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे में घायल यात्री
- प्रिंस सिंह (30), निवासी पलामू, झारखंड
- सभीमा सिंह (28), निवासी पश्चिम बंगाल
- सुजोन मुखर्जी (27), निवासी राजगंज, जलपाईगुड़ी
- ऋजा मुखर्जी (30), निवासी राजगंज, जलपाईगुड़ी
- प्रदीप कुमार (35), निवासी औरैया, उत्तर प्रदेश (चालक)
पुलिस और राहत एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से सभी यात्रियों की जान बच गई। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

More Stories
मरम्मत के लिए पूरी तरह बंद हुआ रामझूला पुल, दिसंबर तक आवाजाही बहाल करने का लक्ष्य
केदारनाथ धाम में तीर्थयात्री की बिगड़ी तबीयत, एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया
रुद्रपुर में युवती के अपहरण के बाद सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज