देहरादून में कोबरा गैंग पर बड़ा प्रहार, 20 लाख की कोकीन के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजपुर थाना पुलिस ने कोबरा गैंग से जुड़े दो विदेशी नागरिकों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि कोबरा गैंग से जुड़े कुछ तस्कर देहरादून में आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने राजपुर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान जोहड़ी रोड के पास स्कूटी सवार दो विदेशी नागरिकों से 9.15 ग्राम कोकीन बरामद की गई। वहीं मसूरी रोड स्थित सीआईएसएफ तिराहे के निकट एक कार सवार आरोपी के कब्जे से 11.77 ग्राम कोकीन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान माइकल इक्का मेकसन (25), लेविकिरी वानिकी (24) और जावेद आलम (37) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली से कोकीन लाकर देहरादून की पार्टियों में सप्लाई करने की तैयारी में थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, कोबरा गैंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इससे पहले भी गैंग से जुड़े 13 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
दून पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में 145 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

More Stories
उत्तराखंड में फीका पड़ा नौतपा, बारिश और ठंडी हवाओं ने दिलाई गर्मी से राहत
सोशल मीडिया के जरिए उत्तराखंड में आतंकी नेटवर्क
देहरादून: हत्या के प्रयास के मामले में 20 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल डंडा भी बरामद