धामी की तारीफ में बदले अरविंद पांडेय के सुर, राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में इन दिनों एक तस्वीर और उससे जुड़े संदेश को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय एक साथ दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में भाजपा संगठन महामंत्री अजय कुमार, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रभारी मंत्री दुश्यंत गौतम भी मौजूद हैं।
राजनीतिक जानकार इस तस्वीर को महज एक औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि बदलते राजनीतिक संकेतों के रूप में देख रहे हैं। इसकी वजह यह है कि विधायक अरविंद पांडेय अपने बेबाक बयानों और कई मुद्दों पर अलग राय रखने के लिए जाने जाते रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री धामी के प्रति उनका बदला हुआ रुख चर्चा का विषय बन गया है।
हाल ही में एक बातचीत के दौरान अरविंद पांडेय ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने धामी को देश का सबसे ईमानदार मुख्यमंत्री बताते हुए उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया। इतना ही नहीं, पांडेय ने यह भी कहा कि वह वर्ष 2047 तक पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।
पांडेय के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसे भाजपा के भीतर धामी के नेतृत्व को मिल रहे बढ़ते समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। वहीं कुछ राजनीतिक विश्लेषक इसे पार्टी के भीतर बदलते समीकरणों और एकजुटता के संकेत के तौर पर भी देख रहे हैं।
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर और पांडेय के बयान को लेकर सियासी बहस जारी है। आने वाले दिनों में यह घटनाक्रम उत्तराखंड भाजपा की राजनीति में किस दिशा में असर डालता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

More Stories
तीन दिन बाद खुला उत्तराखंड का मौसम, आज इन पांच जिलों में हल्की बारिश के आसार
केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर पांच ट्रेकर्स लापता, हेलिकॉप्टर से भी सर्च ऑपरेशन शुरू
पार्षद अमिता सिंह के घर लूट में बड़ा खुलासा, अकेला नहीं था नौकर; साथी भी पहुंचे थे वारदात करने