Bagchhat

आपके मन को कर दे बगछट

डीएम प्रतीक जैन ने जिला अस्पताल की ग्राउंड रियलिटी की चेक, जानें आकस्मिक निरीक्षण में क्या मिला

डीएम प्रतीक जैन ने जिला अस्पताल की ग्राउंड रियलिटी की चेक, जानें आकस्मिक निरीक्षण में क्या मिला

उत्तराखंड के सबसे युवा डीएम में से एक रुद्रप्रयाग के डीएम प्रतीक जैन अपनी तेज तर्रार कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं. कभी वो केदारनाथ यात्रा मार्ग की व्यवस्थाएं जांचने के लिए 22 किलोमीटर पैदल चलकर मंदिर पहुंचते हैं. कभी आपदाग्रस्त क्षेत्रों में रेस्क्यू और पुनर्स्थापना के कार्य देखने ग्राउंड जीरो पर पहुंच जाते हैं. इस बार डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं की ग्राउंड रियलिटी जांचने का काम किया है.

जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को मिल रही सेवाओं के साथ ही विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की. बिना पूर्व सूचना के इस निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल की वास्तविक स्थिति का आकलन करना और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाए उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना था.

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उनसे अस्पताल प्रबंधन, उपलब्ध सुविधाओं और उपचार व्यवस्था के बारे में फीडबैक प्राप्त किया. लोगों ने आमतौर पर अस्पताल की वर्तमान कार्यप्रणाली और सेवाओं पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी तथा व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया.

जिलाधिकारी ने बाद में अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के साथ चर्चा कर उनके समक्ष आने वाली चुनौतियों और आवश्यक सुधारों पर जानकारी हासिल की. उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशीलता और तत्परता से व्यवहार करना अत्यंत आवश्यक है. इस दौरान जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि सीटी स्कैन मशीन का संचालन जल्द सुचारू रूप से शुरू करने के लिए अतिरिक्त तकनीशियन की नियुक्ति आवश्यक है, जिसके लिए डीजी हेल्थ से पत्राचार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि तकनीशियन की नियुक्ति होते ही जिले के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी तथा उन्हें उच्च स्तरीय जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा.

साथ ही डीएम ने बताया कि अस्पताल में सर्जरी विभाग शुरू करने की दिशा में भी कदम बढ़ाए जा रहे हैं. इसके लिए शासन से सर्जन की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा, जिससे जटिल ऑपरेशनों से लेकर सामान्य सर्जरी तक की सुविधा यहीं उपलब्ध हो सकेगी.

 निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रबंधन को स्वच्छता, समयबद्ध सेवाओं और मरीजों के लिए बेहतर सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि अस्पताल की सभी मशीनें और तकनीकी उपकरण हमेशा कार्यशील स्थिति में होने चाहिए. जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने यह भी बताया कि जिले के सभी उपजिलाधिकारियों ने भी मंगलवार को अपने-अपने क्षेत्रों के अस्पतालों का निरीक्षण किया. इस सामूहिक निरीक्षण अभियान का उद्देश्य पूरे जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का मूल्यांकन करना और कमियों को दूर करने के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाना है. निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी एवं समस्त चिकित्साधिकारी एवं चिकित्सा स्टाफ उपस्थित रहे.